अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया के जरिए तीखा हमला बोला।
अपने अकाउंट से एक पोस्ट करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने लिखा कि जिस अंकित बालियान की हत्या को लेकर अखिलेश यादव राजनीति करना चाहते थे, उसके हत्यारे पुलिस मुठभेड़ में मारे गए और अब वे वहां पहुंच गए हैं, जहां उनकी जगह थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसी बेटे की मौत पर जाति और गोत्र के नाम पर राजनीति करना संवेदना नहीं, बल्कि राजनीतिक सौदागरी है। राजभर ने कहा कि हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है और इसे किसी एक जाति या गोत्र तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने अखिलेश यादव पर चुनावी राजनीति के लिए जातीय मुद्दों को हवा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब देख रही है। उन्होंने एक ओर जाति की राजनीति और दूसरी ओर पुलिस की कानून-व्यवस्था की कार्रवाई का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा।
