शामली। हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया। एनकाउंटर में मारे गए आरोपियों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों अंकित बालियान की हत्या में शामिल थे और वारदात से पहले उन्होंने उसकी रेकी भी की थी।
पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ शामली के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे के पास खेड़ी करमू गांव के इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस कार्रवाई के बाद अंकित बालियान के पिता सतवीर सिंह ने कहा कि दो आरोपियों के एनकाउंटर से उन्हें संतुष्टि मिली है अंकित के पिता ने कहा कि इस घटनाक्रम में दो, तीन या चार, जो भी लोग आरोपी हैं, उन सभी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में कथित तौर पर चार लोग शामिल थे। वारदात के दौरान चारों आरोपी दो बाइक से पहुंचे थे और गोलीबारी के बाद फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि इनमें दो आरोपी करनाल और दो रोहतक के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, एनकाउंटर में मारे गए मोहित और सुमित ने हत्या से पहले अंकित की रेकी की थी।
बताया जा रहा है कि मोहित और सुमित 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में रुके थे। दोनों ने 20 और 21 अगस्त को अंकित की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके आने-जाने की जानकारी जुटाई। होटल के सीसीटीवी कैमरों में भी दोनों के मौजूद होने की बात सामने आई है। पुलिस को शक है कि इसी रेकी के बाद अंकित की हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।
फायरिंग के बाद पुलिस ने वायरलेस पर जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया। संदिग्ध कैराना की ओर भागे, जहां मन्ना माजरा पुल के पास थाना शहर की टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। यहां भी आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई और भागने लगे। वायरलेस अलर्ट के बाद SWAT टीम, सर्विलांस टीम, सीओ सिटी, एएसपी और सीओ कैराना समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद खेड़ी करमू गांव के पास आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
