हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिंभावली थाना क्षेत्र में बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में वाहन सवार चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय एक युवक घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल विष्णु को हल्की चोटें आई हैं और उसका उपचार कराया जा रहा है।
मृतकों की पहचान जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक थार में सवार होकर बदायूं से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में थार ने कई बार पलटे खाए, जिसके चलते वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में थार की हालत बेहद खराब दिखाई दे रही है। वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। थार की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
