फर्रुखाबाद, 3 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को फर्रुखाबाद पहुंचेंगे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और राहत सामग्री वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह लखनऊ से रवाना होकर करीब 11:30 बजे फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में जाएंगे। यहां मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित एक हजार परिवारों को राहत किट, आवश्यक सामग्री और राशन वितरित करेंगे।
बाढ़ के कारण बेघर हुए परिवारों को मुख्यमंत्री नए मकान बनाने के लिए भूमि आवंटन प्रमाण पत्र भी सौंपेंगे। इसके साथ ही आपदा मोचक निधि से आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री राहत शिविर में प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी परेशानियों और स्थानीय स्तर पर राहत कार्यों की जानकारी लेंगे।मुख्यमंत्री का यह दौरा बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सरकार की संवेदनशीलता और संकट की घड़ी में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का संदेश देगा। फर्रुखाबाद में कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा के लिए रवाना होंगे।
