हरियाणवी गायक और शामली के बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 26 अगस्त को नाला पटरी स्थित जिम से बाहर निकलते समय शार्प शूटरों ने अंकित की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद चार शूटरों की सीसीटीवी फुटेज सामने आई थी, जिनमें सत्यम और आर्यन की पहचान हुई थी।
हत्याकांड की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सोनीपत के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गोगी गिरोह के भोलू शाहपुरिया ने ली थी। पुलिस जांच में सामने आया कि भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान… गाने को लेकर हुई रंजिश के चलते अंकित की हत्या की गई। पुलिस के मुताबिक गोगी गिरोह के भोलू, कनाडा में बैठे चिराग और मोंटी ने अंकित की हत्या की सुपारी दी थी। गिरोह अंकित को टिल्लू गिरोह का सदस्य मानता था।
31 अगस्त को पुलिस ने गोगी गिरोह के 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहित और सुमित को मुठभेड़ में मार गिराया था। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जबकि पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक बाल-बाल बच गए। अब पुलिस फरार दो शूटरों की तलाश में जुटी है। आरोपियों की तलाश में गुजरात और अहमदाबाद समेत कई स्थानों पर दबिश दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद दोनों वांछित शूटरों पर इनाम बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
