प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्तर प्रदेश घरेलू रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में देश में नंबर-1 बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रयासों का असर इंस्टॉलेशन की बढ़ती रफ्तार में दिखाई दे रहा है।
अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश में कुल 7,92,959 घरेलू रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन हो चुके हैं। अकेले अगस्त महीने में 73,716 इंस्टॉलेशन किए गए। इस दौरान प्रदेश में रोजाना औसतन 2,378 इंस्टॉलेशन हुए। लगातार बढ़ रही यह रफ्तार उत्तर प्रदेश को देश के शीर्ष राज्यों में बनाए हुए है।संचयी इंस्टॉलेशन के मामले में उत्तर प्रदेश 7,92,959 इंस्टॉलेशन के साथ दूसरे स्थान पर है।
अगस्त के दौरान प्रदेश ने प्रतिदिन औसतन 2,378 इंस्टॉलेशन किए, जो मौजूदा शीर्ष राज्य की दैनिक औसत गति से करीब 780 अधिक है।यदि प्रदेश में घरेलू रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की यही गति बनी रहती है, तो अनुमान के मुताबिक अक्टूबर 2026 के दूसरे सप्ताह के आसपास यूपी देश में नंबर-1 स्थान हासिल कर सकता है।घरेलू रूफटॉप सोलर को बढ़ावा मिलने से प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे घरों की बिजली जरूरतों को पूरा करने और बिजली खर्च कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। लगातार बढ़ती इंस्टॉलेशन की रफ्तार उत्तर प्रदेश को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
