सहसपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम खुशहालपुर और जस्सोवाला में पुलिस और प्रशासन की टीम ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपियों की अवैध संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।बताया जा रहा है कि कार्रवाई की जद में आए आरोपियों पर नशा तस्करी, गोकशी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।प्रशासन के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी भूमि पर कथित तौर पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कराया था। इसी के चलते प्रशासन ने 13 मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।जिन आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई, उनमें आमिर पुत्र दिलबहार निवासी खुशहालपुर थाना सहसपुर का नाम भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आमिर के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
