बागपत। जनपद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की और इस दुख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े होने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर और समुचित इलाज मिले।
सीएम योगी ने अपने संदेश में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राहत और उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि हादसे में घायल लोगों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सके और उनके उपचार में किसी तरह की परेशानी न हो।
