शामली। सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने की घटना के बाद शुक्रवार को शामली में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। कस्बों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई।कैराना में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
जमा मस्जिद समेत संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा, वहीं ड्रोन के जरिए भी क्षेत्र की निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।कैराना के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में भी पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी गई।
कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की।
