लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। चुनाव आयोग ने प्रदेश के 33 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को सोमवार को लखनऊ बुलाया है। इस दौरान जिलाधिकारियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारियों और उप जिला निर्वाचन अधिकारियों की अहम बैठक होगी। बैठक में खास तौर पर EVM और VVPAT की तैयारियों, व्यवस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, यह महत्वपूर्ण बैठक डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंध अकादमी, लखनऊ में आयोजित होगी। बैठक सुबह करीब 9:30 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलने की बात कही गई है। चुनाव आयोग के अधिकारी इस दौरान जिलों में चल रही तैयारियों की जानकारी लेंगे और जरूरत के मुताबिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
EVM-VVPAT तैयारियों पर रहेगा खास फोकस
बैठक का प्रमुख एजेंडा EVM और VVPAT से जुड़ी तैयारियां बताई जा रही हैं। चुनावी प्रक्रिया में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और VVPAT की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में चुनाव आयोग जिलावार व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा करेगा।बैठक में FLC यानी First Level Checking और EVM-VVPAT से जुड़े सुपरवाइजर भी मौजूद रहेंगे। इन अधिकारियों से मशीनों की जांच, रखरखाव, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली जा सकती है। आयोग की ओर से चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
33 जिलों के DM होंगे शामिल
लखनऊ में होने वाली इस बैठक में अयोध्या, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, कानपुर नगर, मुरादाबाद, झांसी, जालौन, चित्रकूट और बांदा समेत 33 जिलों के जिलाधिकारी शामिल होंगे।बैठक में अयोध्या के DM IAS शशांक त्रिपाठी, लखनऊ के DM IAS विशाख जी, रायबरेली की DM IAS सरनीत कौर ब्रोका और सीतापुर के DM IAS डॉ. राजागणपति आर. के शामिल होने की जानकारी है। इसके अलावा कानपुर नगर के DM IAS जितेंद्र प्रताप सिंह भी बैठक में मौजूद रहेंगे।वहीं, मुरादाबाद के DM IAS डॉ. राजेन्द्र पेंसिया, झांसी के DM IAS गौरांग राठी, जालौन के DM IAS समीर, चित्रकूट के DM IAS पुलकित गर्ग और बांदा के DM IAS अमित आसेरी भी बैठक में शामिल होंगे।
2027 चुनाव से पहले प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को अभी समय है, लेकिन चुनाव आयोग की तैयारियां चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही हैं। जिलों में चुनाव से जुड़े संसाधनों, अधिकारियों और तकनीकी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के लिहाज से ऐसी बैठकें महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।सोमवार की बैठक में 33 जिलों से सीधे जानकारी लेकर चुनाव आयोग यह समझने की कोशिश करेगा कि EVM-VVPAT से जुड़ी तैयारियां किस स्तर पर हैं और किन जिलों में अतिरिक्त व्यवस्था या सुधार की जरूरत है। बैठक के बाद अधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाने की भी उम्मीद है।
इस बैठक को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, बैठक का मुख्य फोकस प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियों पर रहेगा।
