लखनऊ, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नए भारत का शिल्पी’ बताते हुए कहा कि वह 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और स्वाभिमान का नवप्रभात लाने के लिए निरंतर राष्ट्रसेवा में समर्पित हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा और अपना मार्गदर्शक भी बताया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प, कर्मनिष्ठा और लोक-कल्याण के प्रति समर्पित जीवन ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रेरणा देता है। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम से प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
