गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में 19 वर्षीय बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र शुभम मिश्रा की सोते समय चाकू मारकर हत्या के मामले में 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है, जबकि गांव में भी दहशत का माहौल है।गुरुवार तड़के शुभम घर के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शुभम की मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद राजघाट स्थित राप्ती तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आठ टीमें लगाई हैं। टीमें घटनास्थल के आसपास पूछताछ करने के साथ ही हत्या से जुड़े संभावित सुरागों की तलाश कर रही हैं। पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।हालांकि, घटना के 24 घंटे से ज्यादा बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार लगातार हत्यारों की गिरफ्तारी और इंसाफ की मांग कर रहा है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शुभम के हत्यारों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की है। सवाल यही है कि आठ टीमें लगाए जाने के बावजूद आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं और इस हत्याकांड के पीछे की असली वजह कब सामने आती है।
