उत्तर प्रदेश की औद्योगिक ताकत और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच देने की तैयारी तेज हो गई है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में निवेश से लेकर निर्यात तक प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को एक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
ट्रेड शो में एमएसएमई, ओडीओपी, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और सेवा क्षेत्र से जुड़े उत्पादों और संभावनाओं को सामने रखा जाएगा। साथ ही इन्वेस्ट यूपी, यूपीईडा, यूपीसीडा, यीडा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण समेत कई प्रमुख संस्थान अपनी गतिविधियों और निवेश अवसरों को प्रदर्शित करेंगे।ओडीओपी और एमएसएमई को भी ट्रेड शो में विशेष स्थान दिया गया है। अलग-अलग हॉल में स्थानीय उत्पादों, नए उद्यमियों और निर्यातकों के उत्पादों का प्रदर्शन होगा। इसके जरिए उद्यमियों को संभावित खरीदारों से जुड़ने, नए बाजार तलाशने और अपने कारोबार को विस्तार देने का अवसर मिलेगा।ट्रेड शो में कृषि, डेयरी, चीनी उद्योग, आयुष, पर्यटन, आईटी-आईटीईएस, कौशल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों की भी भागीदारी होगी। वहीं निर्यात, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े क्षेत्र प्रदेश के उत्पादों को देश-दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं प्रदर्शित करेंगे।
प्रदेश के विभिन्न विकास प्राधिकरण भी अपने-अपने क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं और औद्योगिक संभावनाओं को सामने रखेंगे। ट्रेड शो में उद्योग संगठनों, चैंबर, संस्थानों और विश्वविद्यालयों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। बी2बी और बी2सी खरीदारों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी जारी है।कुल मिलाकर, पांच दिनों तक चलने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उद्योग, निवेश, स्थानीय उत्पादों और निर्यात क्षमता को एक साझा मंच पर लाने का अवसर बनेगा।
