उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए आज रोजगार से जुड़ी बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लोकभवन सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में चयनित 21 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे, जबकि 797 अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों की ओर से नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
इस तरह कुल 818 चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति मिलेगी। इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा आयुष विभाग के चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे।नियुक्ति पाने वालों में सबसे बड़ी संख्या चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के 357 एक्सरे-टेक्नीशियन की है। इनके अलावा आयुष विभाग में होम्योपैथिक फार्मासिस्ट, प्रोफेसर, रीडर और यूनानी विभाग से जुड़े विभिन्न पदों पर 404 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
आयुष विभाग में 361 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट, 4 होम्योपैथिक प्रोफेसर, 5 आयुर्वेद प्रोफेसर, 22 आयुर्वेद रीडर, 1 यूनानी प्रोफेसर, 1 यूनानी रीडर और 10 यूनानी लेक्चरर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलेगी।व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में विभिन्न ट्रेडों के 48 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इनमें प्लंबर, मैकेनिक (ट्रैक्टर), वायरमैन, पेंटर, सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और लेदर गुड्स मेकर जैसे पद शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, कानपुर के तहत 9 सहायक सांख्यिकीय अधिकारियों को भी नियुक्ति पत्र मिलेगा। आज होने वाले कार्यक्रम के जरिए कुल 818 युवाओं को सरकारी सेवा से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
