उत्तर प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया के तहत शनिवार को 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न विभागों में चयनित 21 युवाओं को मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपे।उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत इन अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन हुआ है।
इनमें व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अनुदेशक, आयुष विभाग में प्रोफेसर, रीडर, प्रवक्ता और फार्मासिस्ट, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में एक्सरे टेक्नीशियन तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में सहायक सांख्यिकी अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वाले 21 युवाओं में आयुष विभाग के 11, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 8 और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के 2 अभ्यर्थी शामिल रहे।
आयुष विभाग में डॉ. सुधीर चौहान को प्रोफेसर, डॉ. हिमानी और रोमा आनंद को रीडर तथा साफिया बानो और डॉ. मोहम्मद कासिफ को प्रवक्ता के पद पर नियुक्ति मिली। वहीं आराधना चौधरी, रोशनी, प्रिंसी गुप्ता, साक्षी सिंह, पल्लवी देवी और आकाश शुक्ला को होम्योपैथी फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्ति पत्र दिया गया।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में प्रिंस सिंह, पंकज कुमार वर्मा, शिवानंद शुक्ल, मो. अफरोज, ट्विंकल पटेल, सरिता सोनी, सविता देवी और अनुराग गौतम को एक्सरे टेक्नीशियन के पद पर नियुक्ति मिली। वहीं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में तृप्ति श्रीवास्तव और ललित कुमार वर्मा को सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
