लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज, 22 सितंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में 3,567 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
मिशन रोजगार के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को नए शिक्षक और कुशल प्रशासक मिलेंगे।उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए चयनित अभ्यर्थियों को जुपिटर हॉल में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इनमें 319 प्रधानाचार्य, 258 प्रधानाध्यापक, 618 प्रवक्ता (PGT) और 2,372 सहायक अध्यापक (TGT) शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के साथ युवाओं को रोजगार की इस नई सौगात का शुभारंभ करेंगे।
