अयोध्या में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उत्तर प्रदेश के विभाजन और पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने को लेकर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। हनुमानगढ़ी पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य है, जो लोकसभा में 80 सांसद भेजता है और यही उसकी बड़ी ताकत है।
दरअसल, बीते दिनों देवरिया में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने की बात कही थी। राजभर ने कहा था कि अगर पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो उनके बेटे को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में अलग पूर्वांचल राज्य को लेकर चर्चा तेज हो गई।इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान और राजनीतिक ताकत उसकी 80 लोकसभा सीटों से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार या योगी सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश को बांटने या पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस तरह की बातें केवल चुनावी हथकंडे के तौर पर की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा बयान देने वाले व्यक्ति को उत्तर प्रदेश की वास्तविक स्थिति और उसकी ताकत की जानकारी होनी चाहिए।
इस तरह ओमप्रकाश राजभर के पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने वाले बयान पर बृजभूषण शरण सिंह के पलटवार ने यूपी की सियासत में एक बार फिर राज्य के विभाजन का मुद्दा चर्चा में ला दिया है।
