मुंबई। इन दिनों माइथोलॉजिकल और एपिक फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एक तरफ नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ लगातार चर्चा में बनी हुई है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं अब साउथ सिनेमा से महाभारत के महान योद्धा कर्ण पर आधारित एक बड़े प्रोजेक्ट की चर्चा तेज हो गई है।अभिनेता राघव लॉरेंस जल्द ही फिल्म ‘महावीर कर्ण’ में कर्ण की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म का पहला लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। प्रोडक्शन हाउस Pen Movies ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया है।
सामने आया राघव लॉरेंस का दमदार लुक
फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में राघव लॉरेंस को कर्ण के किरदार में पेश किया गया है। पोस्टर के साथ मेकर्स ने उन्हें एक चेहरे, एक लीजेंड और एक योद्धा के रूप में पेश किया है। उनका लुक रहस्यमयी होने के साथ-साथ एक शक्तिशाली योद्धा की छवि पेश करता है।राघव लॉरेंस के करियर के लिहाज से भी यह प्रोजेक्ट खास माना जा रहा है, क्योंकि वह पहली बार किसी बड़े पौराणिक और ऐतिहासिक किरदार को पर्दे पर निभाते नजर आएंगे।
दानवीर कर्ण की कहानी दिखाएगी फिल्म
महाभारत के सबसे चर्चित पात्रों में शामिल कर्ण को उनकी दानवीरता, मित्रता, निष्ठा, सम्मान और बलिदान के लिए याद किया जाता है। उनका जीवन संघर्षों और चुनौतियों से भरा रहा। ऐसे में कर्ण के किरदार को बड़े पर्दे पर उतारना कलाकार और फिल्म की टीम दोनों के लिए बड़ी जिम्मेदारी वाला प्रोजेक्ट माना जा रहा है।मेकर्स फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार करने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
पांच भाषाओं में रिलीज होगी ‘महावीर कर्ण’
‘महावीर कर्ण’ को केवल एक क्षेत्रीय फिल्म तक सीमित नहीं रखा गया है। इसे एक बड़े पैन-इंडिया एपिक सागा के तौर पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म तमिल, तेलुगु, मलयालम, हिंदी और कन्नड़ समेत पांच प्रमुख भाषाओं में रिलीज किए जाने की योजना है।इससे फिल्म को देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। फिल्म की कहानी, विजुअल स्केल और कर्ण के किरदार को लेकर दर्शकों की उत्सुकता अभी से बढ़ गई है।
‘रामायण’ के बीच ‘महावीर कर्ण’ की एंट्री
माइथोलॉजिकल फिल्मों के बढ़ते क्रेज के बीच ‘महावीर कर्ण’ की घोषणा और राघव लॉरेंस का फर्स्ट लुक सामने आना इसे खास चर्चा में ले आया है। रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के बाद अब कर्ण की कहानी पर बनने वाली यह फिल्म भी दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर रही है।फिल्म के अगले साल सिनेमाघरों में दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक रिलीज डेट का इंतजार अभी बाकी है। राघव लॉरेंस के लुक के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म के टीजर, ट्रेलर और बाकी स्टारकास्ट से जुड़ी जानकारी पर टिकी है।
