देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर धामी ने राजनीतिक मर्यादा का सवाल उठाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के बावजूद देश और समाज के सम्मानित व्यक्तित्वों को लेकर भाषा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने अजीत डोभाल को देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि वह उत्तराखंड का गौरव हैं। धामी ने कहा कि डोभाल का अपमान प्रदेश और देश के सम्मान से जुड़ा विषय है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए उत्तराखंड में दलितों और दलित राजनीति को लेकर भ्रम फैलाने और गलत नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया।बच्चों के साथ हुए संवाद को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बच्चों से सीधे बातचीत के दौरान उनकी परिस्थितियों, अनुभवों और समस्याओं को समझने का अवसर मिला।
सीएम ने कहा कि बच्चों के साथ संवाद महज औपचारिक बातचीत नहीं है, बल्कि उनके मन की बात और वास्तविक परिस्थितियों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस दौरान कई अहम जानकारियां भी सामने आई हैं।वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित उत्तराखंड दौरे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के हर दौरे से प्रदेश को विकास की नई दिशा मिली है और प्रदेशवासी उनके आगमन का इंतजार कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने माणा को देश का पहला गांव घोषित किए जाने, आदि कैलाश और सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने समेत केंद्र सरकार की कई पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड पहुंचे और लोगों का हौसला बढ़ाया। धामी ने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आगमन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण होगा।
