मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बारिश के बावजूद गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया और करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। दूरदराज से आए फरियादियों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनकी पीड़ा जानी और अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, हर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
बारिश के कारण लोगों की सुविधा को देखते हुए जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के बीच पहुंचकर सीएम योगी ने एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए और उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। कुछ महिलाओं ने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि उनकी जमीन पर दबंगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गरीब और जरूरतमंद लोगों की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों की समस्याएं भी मुख्यमंत्री ने सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित अस्पतालों से इलाज का एस्टीमेट प्राप्त करने और उसे शासन को भेजने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पात्र लोगों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति को समय पर न्याय और सहायता उपलब्ध कराना है।
