उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) में इस बार अमरोहा के पारंपरिक हुनर और स्थानीय उत्पादों की खास झलक देखने को मिलेगी। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में अमरोहा की 6 प्रमुख इकाइयां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। जीआई टैग प्राप्त ढोलक से लेकर सेव, हैंडलूम, वुडन हैंडीक्राफ्ट और कंबल तक जिले के उत्पाद देश-विदेश के खरीदारों के सामने पेश किए जाएंगे।उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ट्रेड शो में रूस, सिंगापुर, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और जापान पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हो रहे हैं।
आयोजन में करीब 1.5 लाख बी2बी खरीदारों और 4.5 लाख से अधिक बी2सी आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अमरोहा के स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार, कारोबारी संपर्क और निर्यात के अवसर मिलने की उम्मीद है।अमरोहा की पहचान माने जाने वाले पारंपरिक वाद्य यंत्रों को ट्रेड शो में खास जगह दी गई है। हॉल नंबर 11 में जीआई टैग श्रेणी के तहत ‘मैसर्स आर्टीजन वेलफेयर सोसाइटी’ का स्टॉल लगाया जाएगा। यहां आम और शीशम की लकड़ी से तैयार हस्तनिर्मित ढोलक समेत पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रदर्शित किए जाएंगे। विदेशी खरीदारों और 75 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के सामने अमरोहा के इस पारंपरिक हुनर को पेश किया जाएगा।
‘एक जिला एक व्यंजन’ योजना के तहत अमरोहा के मशहूर नमकीन सेव को भी अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। हॉल नंबर 16 में ‘मैसर्स फैमस स्वीट्स सेंटर’ का स्टॉल लगाया जाएगा। यहां स्थानीय स्वाद और पारंपरिक तरीके से तैयार सेव को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे अमरोहा के नमकीन कारोबार को बड़े बाजारों, रिटेल नेटवर्क और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक पहुंच बनाने का अवसर मिल सकता है।ट्रेड शो में अमरोहा के हैंडलूम और काष्ठ शिल्प को भी प्रमुखता दी गई है। हॉल नंबर 9 में उद्यमी गुलफाम अहमद कॉटन बेडशीट, दरी और चादरों का प्रदर्शन करेंगे। हॉल नंबर 10 में ‘मैसर्स अनीस हैंडलूम एंड रेडीमेड गारमेंट्स’ के स्टॉल पर हैंडलूम उत्पादों के साथ रेडीमेड गारमेंट्स भी प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं हॉल नंबर 14 में ‘मैसर्स एमजीए डिजाइन’ के जरिए नक्काशीदार वुडन हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। हॉल नंबर 15 में ‘मैसर्स प्रकाश वुलेन’ की ओर से कंबलों को प्रदर्शित किया जाएगा।यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो अमरोहा के छोटे और मध्यम उद्यमियों के लिए सीधे कारोबार के नए अवसर उपलब्ध कराने वाला मंच साबित हो सकता है। करीब 1.10 लाख वर्ग मीटर में आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो में उद्यमियों को कॉरपोरेट कंपनियों, एक्सपोर्टर्स और विदेशी खरीदारों के साथ बी2बी बैठकें करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार और निर्यात के रास्ते खुल सकते हैं।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, अमरोहा के उपायुक्त उद्योग अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेड शो जिले के पारंपरिक दस्तकारों और नए उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से आयोजन में पहुंचकर नए बाजार और कारोबारी संभावनाओं को समझने की अपील की। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो से जुड़ी अधिकृत जानकारी और पंजीकरण की प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
