उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में आयोजित चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) ने चार दिनों में कारोबार के नए आंकड़े दर्ज किए हैं। 28 सितंबर तक ट्रेड शो में करीब ₹5,500 करोड़ यानी 574 मिलियन अमेरिकी डॉलर के 3,765 व्यापारिक समझौते (एमओयू) हो चुके हैं।
वहीं, देश-विदेश के खरीदारों की ओर से करीब ₹12,500 करोड़ की कारोबारी पूछताछ दर्ज की गई है। 29 सितंबर को ट्रेड शो का अंतिम दिन है, ऐसे में आंकड़ों में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (एफआईईओ) के अपर महानिदेशक सुविध शाह के मुताबिक, 28 सितंबर तक कुल 35,387 बी2बी बैठकें हुईं। इनमें रिवर्स बायर्स-सेलर्स मीट (आरबीएसएम) में 11,887 और मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में 23,500 बी2बी बैठकें शामिल हैं। इन बैठकों के जरिए प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं और निर्यातकों को देश-विदेश के खरीदारों के साथ सीधे कारोबारी संवाद और समझौते का अवसर मिला।
यूपीआईटीएस-2026 ने उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, हथकरघा, हस्तशिल्प, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण क्षेत्र को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाने का काम किया है। ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन के तहत प्रदेश के पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों को वैश्विक खरीदारों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। ट्रेड शो में हुए हजारों बी2बी संवाद और व्यापारिक समझौते स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार और निर्यात के अवसर तैयार कर रहे हैं।25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपीआईटीएस-2026 को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और कारोबारी इकोसिस्टम को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाले प्रमुख मंच के तौर पर पेश किया जा रहा है। छोटे उद्यमियों से लेकर बड़े निर्माताओं तक को एक ही मंच पर उत्पाद प्रदर्शित करने, खरीदारों से जुड़ने और व्यापारिक साझेदारी विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

