सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव को लेकर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी कार्यालय में प्रवेश के लिए शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव को अखिलेश यादव की अनुमति का इंतजार करना पड़ता है।
राजभर ने शिवपाल यादव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मुलायम सिंह यादव के साथ गांव-गांव घूमकर समाजवादी पार्टी के संगठन को खड़ा करने में लंबा समय लगाया। इसके बावजूद आज उन्हें पार्टी कार्यालय जाने के लिए ‘भतीजे की हरी झंडी’ का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने धर्मेंद्र यादव को लेकर भी अखिलेश पर तंज कसा और कहा कि अगर परिवार के सदस्यों की ऐसी स्थिति है तो बाकी नेताओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि शिवपाल यादव से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी को खड़ा करने में उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि बुढ़ापे में शिवपाल यादव को यह सब देखना पड़ रहा है और ‘ऊपरवाला सब देख रहा है’, वही मान-सम्मान और स्वाभिमान का न्याय करेगा।

