लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारीशक्ति के सशक्तिकरण को लेकर बड़ा संदेश दिया है। नवरात्रि के अवसर पर मां स्कंदमाता को नमन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब नारीशक्ति स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ होती है, तभी राष्ट्र का वर्तमान सुरक्षित और भविष्य उज्ज्वल होता है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले बेटियों की शिक्षा और माताओं के स्वास्थ्य की उपेक्षा की गई। सरकारें बेटियों को संबल देने के बजाय अपने राजनीतिक कुनबे को मजबूत करने में व्यस्त थीं।सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा और सुरक्षित मातृत्व तक व्यापक व्यवस्था तैयार की है। ऑपरेशन कायाकल्प से प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं 36 से बढ़कर 96 प्रतिशत से अधिक हो गई हैं। वहीं स्कूल ड्रॉपआउट रेट 20 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत से नीचे आ गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश केवल उनका भविष्य नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का भविष्य सशक्त बनाने का माध्यम है।
