गोरखपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गोरखपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
मंडलायुक्त ने सरदार पटेल के योगदान को किया याद
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने अपने कार्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
इस दौरान अपर आयुक्त न्यायिक राजेश श्रीवास्तव ने भी सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कलेक्ट्रेट में डीएम दीपक मीणा ने किया नमन
वहीं, कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर एक मजबूत और एकीकृत भारत के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका अतुलनीय रही है।
कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
31 अक्टूबर को मनाया जाता है राष्ट्रीय एकता दिवस
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करना है।
सरदार पटेल को देश की रियासतों के एकीकरण और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए लौह पुरुष के रूप में याद किया जाता है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर प्रदान करते हैं।

