मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए उनके नेतृत्व और राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों में लगातार हार का सामना कर रही कांग्रेस और इंडी गठबंधन की हताशा अब अराजकता की राजनीति में बदलती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन के नेतृत्वकर्ताओं में क्लैरिटी (स्पष्टता), कैपेसिटी (क्षमता) और क्रेडिबिलिटी (विश्वसनीयता) का पूरी तरह अभाव है। जनादेश का अनादर इसी सोच का परिणाम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन चुनावों में हार के नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। जनता के फैसले को स्वीकार करने के बजाय विपक्ष अराजकता की राजनीति का सहारा ले रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विपक्षी नेतृत्व की अस्पष्टता और विश्वसनीयता का संकट ही इस राजनीतिक स्थिति की बड़ी वजह है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकतंत्र की गरिमा और उसकी रक्षा के लिए जनजागरण का आह्वान करते हुए गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ इस पदयात्रा में सहभागिता करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अराजकता के विरुद्ध जनजागरण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर कांग्रेस और इंडी गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश के महान लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि लोकतांत्रिक मूल्यों, जनादेश के सम्मान और संवैधानिक परंपराओं की रक्षा के लिए भाजपा लगातार काम करती रहेगी।
