अयोध्या। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव के जरिए पूरी दुनिया को अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाने के लिए तैयार है। दसवें दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन पूज्य संत-धर्माचार्यों की उपस्थिति में करेंगे।
इस ऐतिहासिक आयोजन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को दर्शाती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 13 राज्यों की झांकियां शामिल होंगी।
इस बार दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। रामायण के प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो और नया घाट पर म्यूजिकल आतिशबाजी आयोजन को और आकर्षक बनाएगी।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश-विदेश के रामलीला दल प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। इसके साथ ही करीब 2,000 कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से रामनगरी को भक्तिमय बनाएंगे। धर्मपथ सहित प्रमुख मार्गों को विशेष लाइटिंग और एलईडी पैनलों से सजाया जाएगा।आयोजन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल होंगे। दीपों की जगमगाहट, रामायण आधारित प्रस्तुतियां और भव्य सांस्कृतिक आयोजन दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के साथ अयोध्या की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेंगे।
