गोरखपुर जिले के बांसगांव नगर पंचायत में जल निकासी को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। वार्ड नंबर-9 निवासी अधिवक्ता अग्निवेश सिंह की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
नाली को लेकर बढ़ा विवाद
also read-दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर आपत्तिजनक नारे लिखे जाने का वीडियो वायरल, प्रशासन ने हटाए शब्द

बताया जा रहा है कि अग्निवेश सिंह की जमीन के रास्ते नाली का पानी निकालने के लिए दूसरे पक्ष के लोग पाइप डालने का प्रयास कर रहे थे। इसका उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और हमलावरों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।हमले में अग्निवेश सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को जिला अस्पताल ले गए, जहां से पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
कई लोग घायल
इस मारपीट में उनके भाई नीतीश सिंह और पिता सुनील सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्रशासन अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी प्रदीप सिंह और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। दिनेश कुमार पुरी (एसपी दक्षिणी) ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली के पानी को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसका कोई समाधान नहीं निकल पाया था।
वकील संघ में आक्रोश
अग्निवेश सिंह क्षेत्र के लोकप्रिय अधिवक्ता माने जाते थे। उनकी मौत से अधिवक्ता समुदाय में रोष है। परिवार में शोक का माहौल है और परिजन घटना को सुनियोजित हमला बता रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







