बॉलीवुड डायरेक्टर अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में हैं। उनकी फिल्म ‘फुले’ की रिलीज पर रोक लगने और ब्राह्मण समुदाय द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। फिल्म प्रतीक गांधी और पत्रलेखा स्टारर है और यह समाज सुधारकों ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है।
हाल ही में अनुराग ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर CBFC (सेंसर बोर्ड) पर नाराजगी जताई और इस दौरान ब्राह्मण समुदाय को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। बयान के बाद सोशल मीडिया पर भारी बवाल मच गया और मुंबई पुलिस में एक वकील ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी।
क्या कहा अनुराग कश्यप ने?
पोस्ट में अनुराग कश्यप ने लिखा,
“यह मेरी माफी है, मेरी पोस्ट के लिए नहीं बल्कि उस एक लाइन के लिए जिसे संदर्भ से बाहर निकालकर नफरत फैलाई जा रही है। कोई भी काम या बात इतनी बड़ी नहीं हो सकती कि उसके कारण मेरी बेटी, परिवार या दोस्तों को जान से मारने या रेप की धमकियां दी जाएं।”

उन्होंने आगे लिखा,
“जो कहा गया, उसे मैं वापस नहीं लूंगा। अगर गाली देनी है, तो मुझे दो। मेरा परिवार इस सब में शामिल नहीं है। अगर आप माफी चाहते हैं, तो हां – मैं माफी मांगता हूं। लेकिन ब्राह्मणों से इतना जरूर कहूंगा – महिलाओं को छोड़ दो, इतना तो शास्त्र भी सिखाते हैं।”
कैसे शुरू हुआ विवाद?
फिल्म ‘फुले’ का ट्रेलर रिलीज होते ही विवाद शुरू हो गया। फिल्म 19वीं सदी के समाज सुधारक ज्योतिबा फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले की कहानी कहती है, जिन्होंने लड़कियों की शिक्षा और जाति प्रथा के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। लेकिन महाराष्ट्र के ब्राह्मण समुदाय ने फिल्म में पात्रों के चित्रण पर आपत्ति जताई, जिससे फिल्म की रिलीज डेट टालनी पड़ी।
बयान ने और बढ़ाया बवाल
ब्राह्मणों पर की गई एक अभद्र टिप्पणी के बाद विवाद और गहरा गया। अनुराग कश्यप ने एक कमेंट में ‘ब्राह्मणों पर पेशाब’ करने जैसा आपत्तिजनक बयान दे डाला, जिसे सोशल मीडिया यूज़र्स ने अपमानजनक बताया।
हालात बिगड़ते देख अब अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर माफीनामा जारी कर सफाई दी है। उन्होंने साफ किया कि उनकी मंशा किसी धर्म या समुदाय का अपमान करना नहीं थी, लेकिन अगर उनकी बात से किसी की भावना आहत हुई है, तो वह माफी मांगते हैं।अनुराग कश्यप की फिल्म ‘फुले’ समाज सुधार के मुद्दों को उठाने की कोशिश करती है, लेकिन विवादित बयानों ने इसकी रिलीज पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि यह मामला क्या मोड़ लेता है और फिल्म दर्शकों तक कब पहुंचेगी।