वाराणसी में 4 जनवरी से डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्टिंग स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर काशी के मेयर अशोक तिवारी ने उनका स्वागत किया।
खास बातचीत में पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वांचल को यह एक बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 के बाद पहली बार वाराणसी में राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिसमें विभिन्न प्रदेशों से खिलाड़ी भाग लेने पहुंचे हैं। यह आयोजन खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ काशी की राष्ट्रीय पहचान को भी मजबूत कर रहा है।
वहीं समाजवादी पार्टी द्वारा जारी किए गए PDA पंचांग कैलेंडर को लेकर बृजेश सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि PDA के नाम पर यह बताने की कोशिश की जा रही है कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग का विकास नहीं हुआ है, लेकिन पहले यह स्पष्ट किया जाए कि इन वर्गों में से किसका विकास नहीं हुआ। उन्होंने इसे महज राजनीतिक स्टंटबाजी करार दिया।
पूर्व एमएलसी ने कहा कि जनता इस तरह के मुद्दों पर ज्यादा ध्यान नहीं देगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू धर्म का मजाक बनाया जा रहा है, हालांकि राजनीति में इस तरह की बातें चलती रहती हैं, लेकिन आम जनता सच्चाई को समझती है।







