बांग्लादेश में इंक़लाब मंच के नेता शरीफ़ उस्मान हादी की हत्या के मामले में जांच कर रही डिटेक्टिव ब्रांच (डीबी) ने कहा है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के मुख्य अभियुक्त फैसल करीम मसूद और उनके सहयोगी आलमगीर शेख देश में हैं या किसी अन्य देश में फरार हो गए हैं।

डीबी प्रमुख मोहम्मद शफीकुल इस्लाम ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि मुख्य संदिग्धों के सही ठिकाने का पता लगाने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा, “हमने घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर लिए हैं, साथ ही कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ के बाद अब हम अन्य संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।”
इंक़लाब मंच ने हादी के हत्यारों को पकड़ने के लिए सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनके प्रदर्शन के दौरान कहा गया कि यदि गृह मामलों के सलाहकार मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी और मुख्य सलाहकार के विशेष सहायक ख़ुदा बख्श चौधरी 21 दिसंबर की शाम तक इस मामले में जानकारी देने में असफल रहते हैं, तो उन्हें इस्तीफ़ा देना होगा।
शरीफ़ उस्मान हादी की हत्या के बाद राजधानी ढाका के कई इलाक़ों में हिंसा भड़क गई थी, और प्रदर्शनकारियों ने न्याय की तत्काल मांग की थी।







