लोकगायिका और सामाजिक कार्यकर्ता नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में उनकी गिरफ्तारी पर शीर्ष अदालत ने अंतरिम रोक लगा दी है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रकरण में उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता अभय सिंह को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। अदालत के आदेश के बाद फिलहाल नेहा सिंह राठौर की गिरफ्तारी पर रोक रहेगी।
यह मामला उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब नेहा सिंह राठौर अपने पति के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर बयान दर्ज कराने गई थीं। उस दौरान उनकी गिरफ्तारी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे और माहौल में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, अब सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है।
Also Read- श्रीप्रकाश शुक्ल : ‘वर्चस्व’ की राजनीति का वह नाम, जिसने पूर्वांचल को खामोशी में जीना सिखाया
शीर्ष अदालत के इस फैसले को नेहा सिंह राठौर के लिए बड़ी कानूनी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। साथ ही, यह आदेश मामले में आगे की सुनवाई तक उन्हें तत्काल किसी भी तरह की दमनात्मक कार्रवाई से सुरक्षा प्रदान करता है।
गौरतलब है कि नेहा सिंह राठौर अपने बेबाक बयानों और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। इस प्रकरण में अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता की ओर से दाखिल जवाब के बाद मामले की दिशा तय होगी।







