
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद स्थित ऐतिहासिक कटारमल सूर्य मंदिर में आयोजित सूर्य पर्व मेले में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक मेले राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के वाहक हैं और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा दे रहे हैं।

पौष माह के अंतिम रविवार को प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस सूर्य पर्व मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं के विकास से कटारमल सूर्य मंदिर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा जल्द ही सूर्य मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिसके लिए बजट को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और प्रचार-प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह प्रयास “विकास भी—विरासत भी” की सोच को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






