Home Uttrakhand news श्यामपुर की जन चौपाल में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी चारधाम यात्रा और 2027...

श्यामपुर की जन चौपाल में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी चारधाम यात्रा और 2027 कुंभ की तैयारियों पर दिया बड़ा संदेश

40
0

हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र के आर्यनगर में आयोजित ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’ कार्यक्रम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर जनता से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रदेशभर में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 5 लाख से अधिक लोग इन शिविरों के माध्यम से लाभान्वित हो चुके हैं। बड़ी संख्या में शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी राज्य सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जिससे आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और उत्तराखंड को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विकासशील राज्य के रूप में आगे बढ़ाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here