लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ को उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा का निमंत्रण दिया गया। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महराज ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की और चारधाम यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण सौंपा।
इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ केदारनाथ कमेटी के अध्यक्ष ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी।उत्तराखंड में 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा। 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।
बैठक में दोनों राज्यों के बीच धार्मिक पर्यटन को सशक्त बनाने, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।
चारधाम यात्रा हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होती है और इसे उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी माना जाता है। इस बार यात्रा को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।







