कानून व्यवस्था, महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस ने ‘लोक भवन घेराव’ का ऐलान किया है। इस बीच कूच से पहले राजधानी देहरादून में लगाए गए कांग्रेस के पोस्टर और बैनर नगर आयुक्त के निर्देश पर हटा दिए गए, जिसको लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार ‘लोक भवन कूच’ से घबराई हुई है और उसी दबाव में नगर निगम प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
प्रदेश कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्यपाल आवास कूच और लोक भवन घेराव को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अस्थायी राजधानी देहरादून में प्रचार सामग्री लगाई गई थी। लेकिन सुबह नगर निगम कर्मचारियों द्वारा इन्हें हटाया गया, जो सरकार के दबाव में की गई कार्रवाई प्रतीत होती है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस कदम की सख्त भर्त्सना करती है और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आज का कूच सरकार के खिलाफ जनआक्रोश का प्रतीक बनेगा और इसे “सरकार के ताबूत में कील ठोकने वाला” साबित होगा।
वहीं कांग्रेस नेता राजेश चमोली ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोक भवन घेराव से घबरा गई है, इसलिए कांग्रेस के पोस्टर-बैनर हटवाए गए हैं। फिलहाल, नगर निगम की ओर से इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राजधानी में आज होने वाले लोक भवन घेराव को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







