दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने इतिहास रच दिया है, सोमवार को उनकी कुल संपत्ति 600 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर गई, फोर्ब्स के अनुसार, दोपहर 12 बजे तक एलन मस्क की नेटवर्थ करीब 677 अरब डॉलर पहुंच चुकी थी, इससे पहले किसी भी इंसान की संपत्ति इस स्तर तक नहीं पहुंची थी।
स्पेसएक्स बनी संपत्ति बढ़ने की सबसे बड़ी वजह
एलन मस्क की संपत्ति में यह जबरदस्त उछाल उनकी स्पेस कंपनी स्पेसएक्स की वजह से आया है, हाल ही में स्पेसएक्स की वैल्यूएशन 800 अरब डॉलर तक पहुंच गई है, जो अगस्त में हुई 400 अरब डॉलर की वैल्यूएशन से दोगुनी है, यह वैल्यूएशन एक टेंडर ऑफर के जरिए सामने आई है, एलन मस्क के पास स्पेसएक्स में करीब 42 फीसदी हिस्सेदारी है, सिर्फ इस वैल्यूएशन बढ़ोतरी से ही उनकी संपत्ति में लगभग 168 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है, कंपनी 2026 में आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है, जिसे इतिहास की सबसे बड़ी लिस्टिंग माना जा रहा है।
अक्टूबर में 500 अरब डॉलर क्लब में की थी एंट्री
गौरतलब है कि एलन मस्क अक्टूबर में ही 500 अरब डॉलर की संपत्ति पार करने वाले पहले व्यक्ति बने थे, अब 600 अरब डॉलर का नया रिकॉर्ड उनके लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि है, मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने भी उनकी संपत्ति बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है, इस साल अब तक टेस्ला के शेयर करीब 13 फीसदी चढ़ चुके हैं, भले ही कंपनी की बिक्री में कुछ गिरावट दर्ज की गई हो एलन मस्क के पास टेस्ला में लगभग 12 फीसदी हिस्सेदारी है, सोमवार को टेस्ला के शेयर करीब 4 फीसदी उछले, जब मस्क ने जानकारी दी कि कंपनी रोबोटैक्सी का परीक्षण कर रही है, जिसमें आगे की सीट पर सेफ्टी मॉनिटर की जरूरत नहीं पड़ रही है।
ट्रिलियन डॉलर का ऐतिहासिक पे पैकेज
नवंबर में टेस्ला के शेयरहोल्डर्स ने एलन मस्क के लिए करीब एक ट्रिलियन डॉलर का पे प्लान मंजूर किया था, यह कॉरपोरेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा वेतन पैकेज माना जा रहा है, निवेशकों ने मस्क के उस विजन पर भरोसा जताया है, जिसमें टेस्ला को केवल ईवी कंपनी नहीं बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स की दिग्गज कंपनी बनाने की योजना शामिल है।
xAI से भी बढ़ेगा कारोबारी साम्राज्य
एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI भी सुर्खियों में है, रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 15 अरब डॉलर की नई फंडिंग जुटाने की बातचीत कर रही है, इससे xAI की वैल्यूएशन करीब 230 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है, जो मस्क के कारोबारी साम्राज्य को और विस्तार देगी।
दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की ओर
फिलहाल एलन मस्क की संपत्ति दूसरे नंबर के सबसे अमीर व्यक्ति से सैकड़ों अरब डॉलर आगे है, विशेषज्ञों का मानना है कि जिस रफ्तार से उनकी कंपनियों की वैल्यूएशन बढ़ रही है, वह दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं हालांकि, इस खबर पर टेस्ला, स्पेसएक्स, xAI या खुद एलन मस्क की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन निवेशकों और बाजार में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।







