आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हरा दिया। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए इस मैच में कीवी टीम ने 170 रनों के लक्ष्य को महज 12.5 ओवर में हासिल कर लिया और टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 55 रन बनाए। इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 34, ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 और एडेन मार्कराम ने 18 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में मैट हेनरी, कोल मैकॉन्ची और रचिन रविंद्र ने 2-2 विकेट लिए। वहीं लॉकी फर्ग्यूसन और नीशम ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने बेहद आक्रामक शुरुआत की। टीम के ओपनर फिन एलन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली।
फिन एलन के इस तूफानी शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। उनके साथ टिम सीफर्ट ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। रचिन रविंद्र 11 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस शानदार जीत के साथ न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सेमीफाइनल में कीवी टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और एकतरफा जीत दर्ज करते हुए खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। अब न्यूजीलैंड की नजर टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीतने पर होगी।







