उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने बड़े म्यूजिकल शो में पवन सिंह को बुलाने का झांसा देकर एक कलाकार से करीब 14 लाख रुपये ले लिए। इस मामले में अतरौलिया थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने क्या बताया
अमेठी जिले के रहने वाले दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर ने शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि आरोपियों ने शो कराने के नाम पर अलग-अलग समय में पैसे लिए, लेकिन जब कार्यक्रम कराने की बारी आई तो उन्होंने मना कर दिया। फिलहाल इस मामले पर पवन सिंह या उनकी टीम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Also Read- गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए इंडियन ऑयल करेगा ₹60 करोड़ का सहयोग
कैसे हुई मुलाकात और डील
दिव्यांश पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं और लखनऊ में रहकर कार्यक्रमों में गिटार बजाते और शो आयोजित करते हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना नाम के लोगों से हुई। बातचीत में बड़े म्यूजिकल शो की योजना बनी, जिसमें पवन सिंह को मुख्य कलाकार के तौर पर बुलाने की बात कही गई।
31 दिसंबर 2024 को तय हुआ था कार्यक्रम
दिव्यांश ने अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया। निहाल ने दावा किया कि उसके जानने वाले लोग पवन सिंह से सीधे जुड़े हैं और बुकिंग करवा देंगे। आरोप है कि आरोपियों ने शो का खर्च करीब 14 लाख रुपये बताया और 31 दिसंबर 2024 की तारीख तय कर दी। भरोसा दिलाकर पहले 9 लाख रुपये एडवांस के तौर पर बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। बाद में प्रचार और अन्य तैयारियों के नाम पर करीब 5 लाख रुपये और ले लिए गए।
मैनेजर से बात के बाद खुला मामला
जब दिव्यांश ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया तो उनके मैनेजर ने ऐसे किसी शो की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों के फोन बंद हो गए, जिससे ठगी का शक पक्का हो गया। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की, जिसके बाद अतरौलिया थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
पुलिस क्या बोली
अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम कराने के नाम पर 14 लाख रुपये लिए गए, लेकिन बुकिंग नहीं कराई गई। मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई होगी।







