हरिद्वार की पवित्र हर की पैड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में शेख की वेशभूषा में घूमते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धार्मिक संगठनों में आक्रोश फैल गया है। इस मामले को लेकर श्री गंगा सभा ने कड़ा संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने इस घटना को तीर्थ की धार्मिक मर्यादा और परंपराओं का खुला उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी सनातन आस्था का केंद्र है और इस तरह की गतिविधियां श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नितिन गौतम ने बताया कि वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिया गया है। इस संबंध में प्रशासन से बातचीत भी की गई है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि 1916 के म्युनिसिपल एक्ट के उल्लंघन के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गंगा सभा अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि सनातन धर्म और हर की पैड़ी जैसे पवित्र तीर्थस्थल की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को कानून के दायरे में लाकर कड़ा सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी निगरानी और प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की।







