उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस देश में खिलाड़ी आगे होते हैं, वह देश सर्वोच्च शिखर की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया है और वर्ष 2014 के बाद देश में खेलों के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे मैदान में खेल भावना के साथ खेलें। उन्होंने कहा कि मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी विजेता होता है और मुकाबले के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर नई चुनौतियों के लिए तैयार होता है।
2014 के बाद खेलों में आई क्रांतिकारी बदलाव ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के विकास के लिए “नई गंगा” बहाई गई है। सभी खेलों का बजट कई गुना बढ़ाया गया, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पहले खेलों को सिर्फ औपचारिकता तक सीमित रखा जाता था, जबकि आज खिलाड़ियों को सम्मान, प्रोत्साहन और मंच मिल रहा है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन भी भ्रष्टाचार के दाग से घिरे रहे। इसके विपरीत, आज प्रधानमंत्री मोदी स्वयं ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से संवाद करते हैं और दुनिया को यह संदेश देते हैं कि भारतीय खिलाड़ी हमारे परिवार के सदस्य हैं और उनके सम्मान में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भी खेल बजट को कई गुना बढ़ाया है। मेरठ में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उच्च पदों पर सीधी तैनाती भी दी जा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस चैंपियनशिप से चुने गए विजयी खिलाड़ी देश की टीम का हिस्सा बनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत माता का परचम लहराएंगे। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा बढ़ रहा है और यह आने वाले समय में और मजबूत होगा।







