टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी जीत ली। इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गया है।
साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर अपना दबदबा भी साबित किया। इससे पहले भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था, जबकि 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। भारतीय ओपनर्स ने टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 98 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बन गई। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए। संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन की पारी खेली और टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड बना दिया।
ईशान किशन ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम ने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि मिचेल सेंटनर 4 ओवर में 33 रन देकर सबसे किफायती गेंदबाज रहे। 256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए।
टिम सीफर्ट ने जरूर अर्धशतक लगाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला। न्यूजीलैंड के अगले पांच बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। कप्तान मिचेल सेंटनर ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने कीवी बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल ने 3 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंतिम विकेट अभिषेक शर्मा ने लेकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी। इस तरह टीम इंडिया ने 96 रन की बड़ी जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।







