
टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8के मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 रनों से बड़ी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा। इससे पहले अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराकर भारत के लिए समीकरण आसान कर दिए थे। ऐसे में यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए करो या मरो जैसा था और टीम ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाया।
और भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 256 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का सर्वोच्च स्कोर है।
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार वापसी करते हुए 30 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। पिछले कुछ मैचों से खराब फॉर्म में चल रहे अभिषेक ने इस पारी के जरिए अपनी लय हासिल कर ली। वहीं, हार्दिक पांड्या ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए। तिलक वर्मा ने भी तेजतर्रार पारी खेलते हुए 16 गेंदों पर 44 रन बनाये और टीम को 250 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने अच्छी पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच में नियंत्रण बनाए रखा और बड़े स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया।
इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। अब सुपर-8 के अंतिम मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत भारत के लिए बेहद जरूरी होगी।






