एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है। एशिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत होने वाली है। हाल ही में टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया गया, जिसमें भारत-पाकिस्तान मुकाबला 14 सितंबर को तय किया गया है। अब एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने टूर्नामेंट के वेन्यू की भी पुष्टि कर दी है – एशिया कप 2025 के सभी मुकाबले यूएई (अबू धाबी और दुबई) में खेले जाएंगे।
भारत-पाकिस्तान मैच कहां होगा?
भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मैच 14 सितंबर को दुबई में शाम 6 बजे खेला जाएगा। वहीं, भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE के खिलाफ, दुबई में ही होगा।
क्यों बना है भारत-पाकिस्तान मैच पर विवाद?
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर देशभर में बहस छिड़ी हुई है। हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही एशिया कप में भारत-पाक मैच को लेकर फैंस बंट गए हैं।
एक वर्ग का मानना है कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए, जबकि दूसरा पक्ष यह तर्क दे रहा है कि ऐसा करने से भारत की ICC रैंकिंग पर असर पड़ेगा। इसका नुकसान यह हो सकता है कि भारत 2028 ओलंपिक में क्रिकेट इवेंट के लिए क्वालीफाई न कर पाए, जबकि पाकिस्तान को मौका मिल सकता है।







