उत्तर प्रदेश के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शामिल कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार शाम हड़कंप मच गया। डायल 112 कंट्रोल रूम पर एक युवक ने फोन कर शाम 7 बजे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं।

डायल 112 पर कॉल, तुरंत हरकत में आई पुलिस
Also Read-लखनऊ में हुआ ब्राह्मण महा सम्मलेन ,दिग्गजों की जुटी भीड़ ,UGC पर हुई बैठक
जानकारी के मुताबिक, डायल 112 कंट्रोल रूम पर आए फोन कॉल में युवक ने दावा किया कि शाम 7 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को उड़ा दिया जाएगा। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।कुछ ही देर में पूरे स्टेशन परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया

स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्सल कार्यालय, पार्किंग क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की।
आरोपी की पहचान ‘अनिल’ के रूप में, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी देने वाले युवक की पहचान प्रारंभिक तौर पर अनिल नाम से हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि युवक का दावा है कि उसका मोबाइल फोन 24 फरवरी को कहीं गिर गया था। हालांकि पुलिस इस बयान की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। पुलिस का कहना है कि धमकी देने वाले युवक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी किया जा सके।







