Home Uttar Pradesh पीलीभीत में बड़ा सड़क हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 15 यात्री घायल;...

पीलीभीत में बड़ा सड़क हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 15 यात्री घायल; ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप

29
0
FILMITICS
पीलीभीत में बड़ा सड़क हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 15 यात्री घायल; ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली से लखीमपुर जा रही एक डबल डेकर बस हाईवे 730 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 15 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से 6 यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के बाद हाईवे पर 100 मीटर तक घसीटती चली बस-

दरअसल, यह हादसा गजरौला थाना क्षेत्र के कैंच गांव के पास हुआ था। चश्मदीद गवाह के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक नियंत्रण खोने के बाद बस पलट गई और करीब 100 मीटर तक हाईवे पर घसीटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर किया रेस्क्यू-

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी अहम भूमिका निभाई। कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में अभी भी जारी है।

ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप-

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि बस चालक नशे में था और उसे बार-बार नींद की झपकी भी आ रही थी। यात्रियों का कहना है कि चालक की लापरवाही के कारण ही यह बड़ा हादसा हुआ है। हालांकि पुलिस अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

हादसे के बाद जांच में जुटे पुलिस और एआरटीओ के अधिकारी-

आपको बता दें, कि हादसे की जानकारी मिलते ही एआरटीओ सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बस की रफ्तार, चालक की स्थिति और अन्य तकनीकी मामलों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here