जापान में नए साल की छुट्टियों से पहले एक बेहद खतरनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को हिला दिया। शुक्रवार देर रात गुनमा प्रांत के मिनाकामी शहर के पास बर्फ से ढके एक्सप्रेसवे पर कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। देखते ही देखते यह हादसा भीषण आग में बदल गया। इस दुर्घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, सबसे पहले दो भारी ट्रकों की टक्कर हुई, जिससे सड़क पर जाम लग गया। पीछे से आ रही गाड़ियां बर्फीली और फिसलन भरी सड़क पर समय पर ब्रेक नहीं लगा सकीं और एक के बाद एक टकराती चली गईं। कुछ ही देर में यह हादसा एक बड़े चेन एक्सीडेंट में बदल गया, जिसमें 50 से ज्यादा वाहन शामिल हो गए।
हादसे के बाद कई गाड़ियों में आग लग गई। आग तेजी से फैलती गई और एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। दमकल विभाग को आग बुझाने में करीब सात घंटे लगे। राहत की बात यह रही कि आग से किसी और की जान नहीं गई।
Also Read- माघ मेला को लेकर सीएम योगी सख्त, नहीं रहेगा VIP प्रोटोकॉल! अफवाह फैलाने वालों पर नज़र
पुलिस ने बताया कि टोक्यो की 77 साल की एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 26 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर है। सभी घायलों का इलाज पास के अस्पतालों में चल रहा है।हादसे के बाद एक्सप्रेसवे को दोनों दिशाओं से बंद कर दिया गया है। निगाता और गुनमा प्रांत के बीच का यह मार्ग फिलहाल पूरी तरह से बंद है और सफाई व जांच पूरी होने के बाद ही इसे दोबारा खोला जाएगा।हादसे में फंसे एक ट्रक चालक ने बताया कि उसे सामने चल रही कार को बचाने के लिए अचानक गाड़ी मोड़नी पड़ी, जिससे उसका ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद लगातार टक्करों की आवाजें आती रहीं और बर्फ के कारण गाड़ी पर नियंत्रण लगभग खत्म हो गया था।







