जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी की खबर सामने आई है। कठुआ के बिलावर इलाके में सुरक्षाबलों ने एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक आतंकी को मार गिराया है। मुठभेड़ अभी हालिया घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों की आशंका के बीच हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और भी बढ़ गई है।
जम्मू रेंज के IGP ने इस ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए बताया कि सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम को बिलावर के दुर्गम और जंगलों वाले इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जैसे ही सुरक्षाबल संदिग्ध स्थान के पास पहुंचे, आतंकियों की ओर से फायरिंग की गई। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया, जिसकी पहचान जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकवादी के रूप में हुई है। एनकाउंटर स्थल से हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की भी सूचना है।
हालांकि, सुरक्षाबलों को आशंका है कि इलाके में अभी और आतंकी छिपे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। अतिरिक्त बलों को मौके पर भेजा गया है और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कड़ी कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह आतंकी सीमा पार से घुसपैठ कर कठुआ-बिलावर बेल्ट के जरिए आगे बढ़ने की फिराक में था। गौरतलब है कि बीते कुछ समय से जम्मू संभाग में आतंकी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की कोशिशें सामने आ रही हैं, जिसे सुरक्षाबल लगातार नाकाम कर रहे हैं।
यह एनकाउंटर एक बार फिर इस बात का संकेत है कि सुरक्षाबल आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी मजबूती से काम कर रहे हैं और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।







