देहरादून। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन क्रैकडाउन” नाम से व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया है। यह अभियान उच्च स्तर की निगरानी में संचालित किया जा रहा है और इसके क्रियान्वयन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान डीजीपी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में इसे सर्कल ऑफिसर (CO) स्तर पर लागू किया गया है, जबकि इसकी मॉनिटरिंग एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण द्वारा की जा रही है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) स्तर पर प्रत्येक सप्ताह इसकी समीक्षा भी की जाएगी।
ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत-विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे किरायेदार,बाहरी राज्यों से आए मजदूर,होटल एवं रेस्टोरेंट में कार्यरत कर्मचारी,लंबे समय से निवास कर रहे संदिग्ध व्यक्तिओ का विशेष रूप से सत्यापन किया जा रहा हैपुलिस द्वारा दस्तावेजों का विभिन्न माध्यमों से सत्यापन किया जा रहा है। जिन व्यक्तियों का आपराधिक इतिहास सामने आता है या जिन्होंने अपनी पृष्ठभूमि छिपाने का प्रयास किया है, उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान से न केवल संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, बल्कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी। “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के जरिए पुलिस अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। देहरादून पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किरायेदारों और कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।







