उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ रविवार (21 दिसंबर 2025) को गाजीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘अहीर रेजिमेंट’ वाले बयान, विशेष सारांश पुनरीक्षण (SIR), अग्निवीर योजना और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े विवाद पर खुलकर बात की।
अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री दयाशंकर मिश्र ने कहा कि सेना की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और सेना को जाति के आधार पर बांटने की बातें उचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सेना में शामिल होने वाला हर व्यक्ति सिर्फ भारतीय सैनिक होता है, यही सबसे बड़ा गर्व है।
अग्निवीर योजना को लेकर मंत्री ने कहा कि जो लोग इस योजना का मजाक उड़ाते थे, उनके लिए यह बड़ा जवाब है। उन्होंने बताया कि अब अग्निवीरों को विभिन्न सरकारी नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनके चार साल के परिश्रम का उचित सम्मान होगा।
विशेष सारांश पुनरीक्षण (SIR) पर बोलते हुए दयाशंकर मिश्र ने कहा कि यह फैसला निर्वाचन आयोग का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक मतदाता का नाम केवल एक ही वोटर लिस्ट में दर्ज रहे और केवल गलत या डुप्लिकेट नामों को ही हटाया जा रहा है।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े नकाब विवाद पर मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार एक वरिष्ठ नेता हैं और इस पूरे मामले में उनकी मंशा को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हर मुद्दे को तोड़-मरोड़ कर प्रचारित करता है।दयाशंकर मिश्र गाजीपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान ये सभी बातें कहीं।







